सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री. चंद्रिकाप्रसाद संतोखी
मैडम प्रथम महिला,
माननीय मंत्रियों और संसद सदस्यों,
विशिष्ट अतिथिगण,
देवियो और सज्जनों,
1. मैं सूरीनाम के सर्वोच्च सम्मान, "येलो स्टार के मानद क्रम में ग्रैंड रिबन" प्राप्त करके बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं।
2. यह सम्मान न केवल मेरे लिए बल्कि भारत के 1.4 अरब से अधिक लोगों के लिए भी, जिनका मैं प्रतिनिधित्व करती हूं, जबरदस्त महत्व रखती है।
3. मैं यह सम्मान भारतीय-सूरीनाम समुदाय की आने वाली पीढ़ियों को भी समर्पित करती हूं, जिन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच भ्रातृत्व संबंधों को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
4. राष्ट्रपति संतोखी ने अक्सर प्रेरणा के स्रोत के रूप में, विशेष रूप से ऐतिहासिक रूप से वंचित क्षेत्रों या समुदायों से आने वाली महिलाओं के लिए, मेरे देश के भीतर सर्वोच्च पद पर मेरी नियुक्ति के महत्व पर जोर दिया है।
5. अगर यह सम्मान हमारे दोनों देशों में महिलाओं के सशक्तिकरण और प्रोत्साहन का प्रतीक बन जाता है तो यह और भी सार्थक हो जाता है।
6. इसके अलावा, सूरीनाम में भारतीय आगमन की 150वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक स्मरणोत्सव के दौरान यह अलंकरण प्राप्त करना इसे और विशेष बनाता है। यह सूरीनाम के सामाजिक-आर्थिक विकास में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए अमिट योगदान के लिए भी एक सम्मान है। यह इस राष्ट्र के ताने-बाने को आकार देने में उनकी अमूल्य भूमिका की एक स्वीकारोक्ति है।
7. मुझे यह उल्लेखनीय सम्मान देने के लिए मैं सूरीनाम के राष्ट्रपति और सूरीनाम की सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं, जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगी। यह सम्मान हमारे दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग के स्थायी बंधन का प्रतीक है।
धन्यवाद!
जून 05, 2023
पारामरिबो