नमस्कार,
मैं राष्ट्रपति तेबाउने द्वारा हार्दिक स्वागत और भव्य आतिथ्य के लिए उनके प्रति कृतज्ञतापूर्वक आभार प्रकट करती हूँ।
2. मेरे लिए, भारत से अल्जीरिया के प्रथम प्रेसीडेंशियल दौरे पर आना सम्मान की बात है। यह प्रथम दौरा इसलिए और भी विशेष है क्योंकि राष्ट्रपति तेबाउने अपना दूसरा कार्यकाल प्रारंभ कर रहे हैं। मेरे साथ हमारे राज्यमंत्री श्री सुकांत मजूमदार और सांसद श्री मुकेश कुमार दला और श्री अतुल गर्ग भी हैं। मेरे साथ एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
3. यह भारत-अल्जीरिया संबंधों का एक ऐतिहासिक दिन है। मैं राष्ट्रपति तेबाउने को हाल ही में पुनः निर्वाचित होने हेतु उन्हें बधाई देती हूँ। "न्यूवेले अल्जीरिया" का उनका दृष्टिकोण सराहनीय है। उपनिवेशवाद के विरुद्ध संघर्ष के मामले में भारत और अल्जीरिया का साझा इतिहास रहा है तथा हम अपने नागरिकों हेतु समृद्धि लाने की आकांक्षा में एकजुट हैं।
4. आज, मैंने राष्ट्रपति तेबाउने के साथ व्यापक चर्चा की। मैंने राष्ट्रपति महोदय को भारत की ओर से अल्जीरिया को निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया, और हम दोनों ने व्यापार और निवेश पर विशेष ध्यान देते हुए अपने संबंधों को उन्नत बनाने के लिए वचनबद्धता प्रकट की। मैंने इस अवसर पर अफ्रीका के प्रति भारत की दृढ़ वचनबद्धता की भी पुष्टि की। आज बाद में आयोजन हेतु निर्धारित इंडिया-अल्जीरिया बिज़नेस फोरम में, मौजूदा परियोजनाओं पर विचार किया जाएगा और हमारे आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग को नई दिशा देने के लिए अनेक प्रयासों को चिन्हित किया जाएगा।
5. मैं राष्ट्रपति तेबाउने को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, व्यक्तिगत ध्यान और हमारे द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग हेतु बहुमूल्य समर्थन के लिए आभार प्रकट करती हूँ।
अल्जियर्स
14 अक्टूबर 2024