भारत की राष्ट्रपति महामहिम श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 7 से 10 अप्रैल, 2025 तक पुर्तगाल और स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी।
2. राष्ट्रपति मुर्मू पुर्तगाल के राष्ट्रपति महामहिम श्री मार्सेलो रेबेलो डी सोसा के निमंत्रण पर 7 से 8 अप्रैल, 2025 तक पुर्तगाल का दौरा करेंगी। यह यात्रा 27 वर्षों के अंतराल के बाद ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और पुर्तगाल अपने राजनयिक संबंधों की पुनर्स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इससे पहले 1998 में राष्ट्रपति के. आर. नारायणन ने पुर्तगाल की राजकीय यात्रा की थी।
3. अपनी इस यात्रा के दौरान माननीय राष्ट्रपति अपने समकक्ष राष्ट्रपति महामहिम श्री मार्सेलो रेबेलो डी सोसा के साथ मुलाकात करेंगी। दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी होगी। वे पुर्तगाल के प्रधानमंत्री महामहिम श्री लुइस मोंटेनेग्रो और नेशनल असेंबली (संसद) के अध्यक्ष महामहिम श्री जोस पेड्रो अगुइर-ब्रैंको से भी मुलाकात करेंगी।
4. भारत और पुर्तगाल के बीच ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंध हैं, जो वर्षों में विकसित होकर एक आधुनिक, बहुआयामी और गतिशील साझेदारी में बदल गए हैं, जिसकी विशेषता सहयोग के कई क्षेत्रों में मज़बूत विकास और विस्तार हैं। यह यात्रा पुर्तगाल के साथ भारत के बढ़ते संबंधों को और अधिक प्रोत्साहन और नई गति प्रदान करेगी।
5. स्लोवाकिया के राष्ट्रपति महामहिम श्री पीटर पेलेग्रिनी के निमंत्रण पर भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 9 से 10 अप्रैल, 2025 तक स्लोवाक गणराज्य का भी दौरा करेंगी। यह 29 वर्षों में भारत के किसी राष्ट्रपति की पहली स्लोवाकिया यात्रा होगी।
6. राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रपति महामहिम श्री पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री महामहिम श्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू स्लोवाक गणराज्य की राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष महामहिम श्री रिचर्ड रासी से भी मुलाकात करेंगी।
7. राष्ट्रपति की राजकीय यात्रा स्लोवाकिया के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों के महत्व को दर्शाती है। इससे हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत तथा व्यापक बनाने का अवसर मिलेगा।
8. दोनों देशों के दौरे में राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगी।
नई दिल्ली
2 अप्रैल 2025