मुझे आज भारत-स्लोवाक व्यापार मंच को संबोधित करते हुए प्रसन्नता हो रही है। मैं राष्ट्रपति पेल्लेग्रिनी का आभार व्यक्त करती हूँ कि उन्होंने भारत और स्लोवाकिया के बीच आर्थिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई है।
मैं स्लोवाक निवेश और व्यापार विकास एजेंसी (सारियो) तथा भारतीय उद्योग परिसंघ (फिक्कीI) को इस कार्यक्रम के संयुक्त आयोजन के लिए बधाई देती हूं, यह आयोजन हमारे भावी आर्थिक सहयोग को दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भारत और स्लोवाकिया के बीच पारंपरिक रूप से घनिष्ठ और सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में हमारे देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग किया है। हमें अपने व्यापार क्षेत्र में विविधता लाने की संभावनाएं तलाश करने का समय आ गया है। कल मेरी राष्ट्रपति पेल्लेग्रिनी और प्रधानमंत्री फिको के साथ सार्थक बैठकें हुईं। हमने सभी क्षेत्रों में—विशेषकर व्यापार और आर्थिक सहयोग के क्षेत्र में—अपने साझेदारी को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने पर सहमति व्यक्त की।
भारत, स्लोवाकिया के साथ व्यापारिक संबंधों को और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मेरे साथ आए विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाला भारतीय उद्योग जगत का बड़ा प्रतिनिधिमंडल इस बात का स्पष्ट संकेत है कि भारतीय उद्यम स्लोवाकिया में व्यापारिक अवसरों की तलाश को लेकर गंभीर रूचि रखते हैं। स्लोवाकिया की ओर से भी समान रूचि देखने को मिली है।
आज के इस आयोजन में दोनों पक्षों की उत्साही भागीदारी देखना बहुत ही संतोषजनक है। मुझे यह जानकारी है कि पिछले तीन महीनों में तीन व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का आदान-प्रदान हुआ है।
वर्तमान में दुनिया की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, भारत इस दशक के अंत तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। भारत एक अद्वितीय परिवर्तन से गुजर रहा है, जो प्रौद्योगिकी, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में एक वैश्विक नेता के रूप में उभर रहा है। हमने अक्षय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, ऑटो एवं ऑटो-घटक, फार्मा और जैव प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और फिनटेक में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
डिजिटल अवसंरचना में तेज़ी से हो रही वृद्धि ने भारत को तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बना दिया है। चाहे वह मोबाइल और ऑनलाइन प्लेटफार्मों के माध्यम से रोज़मर्रा की सेवाओं की उपलब्धता हो या कैशलेस लेन-देन, हर क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन भारत के विकास को तेजी से प्रोत्साहित कर रहा है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम बन चुका है। हमारा लक्ष्य आने वाले वर्षों में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना है, और हमें उम्मीद है कि हम इसे अपने मित्र देशों, जैसे कि स्लोवाकिया, के साथ साझेदारी में हासिल करेंगे।
मित्रों,
भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, जबकि स्लोवाकिया, अपनी मजबूत औद्योगिक आधारशिला और यूरोप में रणनीतिक स्थान के साथ, गहरे व्यापार और निवेश संबंधों के लिए बेहतरीन अवसर प्रस्तुत करता है। यूरोपीय संघ के एक अहम सदस्य और ऑटोमोटिव, रक्षा और उच्च तकनीक उद्योगों के केंद्र के रूप में, स्लोवाकिया को भारत के विशाल उपभोक्ता बाजार, कुशल कार्यबल और फलते-फूलते स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र से लाभ मिलेगा।
विशेष रूप से ऑटोमोटिव क्षेत्र हमारे दो देशों के बीच एक मजबूत संबंध के रूप में उभर कर सामने आया है। टाटा मोटर्स की सहायक कंपनी, जैगुआर लैंड रोवर, ने स्लोवाकिया में महत्वपूर्ण निवेश किया है, जिसमें 2018 से कार्यरत नीत्रा में एक निर्माण सुविधा भी शामिल है। यह अत्याधुनिक संयंत्र, जो लैंड रोवर डिस्कवरी और डिफेंडर जैसे मॉडल्स का उत्पादन करता है, स्लोवाकिया की वैश्विक ऑटोमोबाइल निर्माण में बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है। मैं राष्ट्रपति पेल्लेग्रिनी की उस महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करती हूं, जिसने इस निवेश को संभव बनाया और इसके माध्यम से हमारे आर्थिक साझेदारी को और मजबूत किया है।
ऑटोमोटिव उद्योग के अलावा, कई अन्य भारतीय कंपनियों ने स्लोवाकिया में अपनी उपस्थिति स्थापित की है, जिनमें से कई आज यहां मौजूद हैं। इसी तरह, कई स्लोवाक कंपनियाँ भारत के औद्योगिक विकास में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। ये सहयोग हमारे आर्थिक संबंधों की बढ़ती गहराई को उजागर करते हैं।
आज की अनिश्चितताओं से भरी दुनिया में, भारत एक प्रगति के चमकते उदाहरण के रूप में उभरकर सामने आता है, जिसकी स्थिर राजनीतिक स्थिति और सुधार-केंद्रित आर्थिक एजेंडा, मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को प्रोत्साहित करता है और 'व्यापार में सुगमता' को बढ़ावा देता है। मैं स्लोवाक कंपनियों को हमारे 'मेक इन इंडिया' पहल में शामिल होने का आमंत्रण देती हूं।
स्लोवाकिया अपनी कार्यबल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विदेशों से मेहनती, कौशल संपन्न श्रमिकों और पेशेवरों की तलाश में है। मुझे विश्वास है कि भारतीय प्रतिभा स्लोवाकिया के आर्थिक विकास में एक महत्वपूर्ण साझीदार साबित हो सकती है, भारत और स्लोवाकिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार निरंतर बढ़ रहा है। 2024 में, व्यापार 1.2 अरब यूरो को पार कर गया। मुझे विश्वास है कि यह आंकड़ा हमारे असल क्षमता से काफी नीचे है। यह बिजनेस फोरम एक उत्कृष्ट मंच के रूप में कार्य करता है, जहाँ हम सहयोग की संभावनाओं का पता लगा सकते हैं और आपसी लाभकारी साझेदारियाँ स्थापित कर सकते हैं। आज, मैं हमारे व्यापार नेताओं से अपील करती हूं कि वे इन अवसरों को पहचानें और उन्हें ठोस परिणामों में बदलें। यह समय इस विकास को तेज़ी से आगे बढ़ाने का है।
मुझे विश्वास है कि इस फोरम में हुई विचार-विमर्श से दीर्घकालिक साझेदारियाँ स्थापित होंगी। आइए हम मिलकर एक ऐसे भविष्य की नींव रखें, जिसमें साझा समृद्धि, नवाचार और सतत विकास हो। मैं आप सभी को आपके व्यापारिक प्रयासों में शुभकामनाएँ और सफलता की कामना करती हूं।
आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद!
ब्रातिस्लावा
10 अप्रैल 2025