राष्ट्रपति ने कल (10 अप्रैल, 2025) स्लोवाकिया में भारत के राजदूत द्वारा ब्रातिस्लावा में आयोजित एक स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया के साथ संसद सदस्य श्री धवल पटेल और श्रीमती संध्या राय उपस्थित थे।
2. राष्ट्रपति ने भारतीय समुदाय के सदस्यों की उत्साही सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच संबंध आपसी सम्मान और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित हैं। उन्होंने इस बात को लेकर खुशी व्यक्त की कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और स्लोवाकिया के बीच आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
3. राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में उपस्थित लोगों को स्लोवाकिया के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष के साथ अपनी लाभकारी बैठकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन बैठकों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की गई। उन्होंने भारतीय समुदाय के सदस्यों को बताया कि बातचीत के दौरान, स्लोवाक नेताओं ने भारतीय समुदाय के लोगों की कड़ी मेहनत और स्लोवाकिया के विकास और प्रगति में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए बहुत सम्मान व्यक्त किया।
4. राष्ट्रपति ने भारत और स्लोवाकिया के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों एवं आपसी समझ को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारत के स्लोवाक मित्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर बेहद प्रसन्नता हुई कि स्लोवाकिया के लोगों के बीच भारतीय विरासत और परंपराएं काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद से लेकर भारतीय व्यंजनों तक, स्लोवाकिया में भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम, दोनों देशों के लोगों के बीच बढ़ते मजबूत संबंधों का सबूत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्लोवाक भाषा में उपनिषदों का अनुवाद स्लोवाकिया के लोगों को भारत की प्राचीन शिक्षाओं से जुड़ने का एक और अवसर प्रदान करेगा।
5. राष्ट्रपति ने आज (11 अप्रैल, 2025) सुबह, नई दिल्ली रवाना होने से पहले भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की।
ब्रातिस्लावा
11 अप्रैल 2025