राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू परम पूज्य पोप फ्रांसिस के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 25-26 अप्रैल, 2025 को वेटिकन सिटी की यात्रा करेंगी। वे सरकार और भारत के लोगों की ओर से संवेदना व्यक्त करेंगी।
2. 25 अप्रैल को राष्ट्रपति वेटिकन सिटी में सेंट पीटर बेसिलिका में पुष्पांजलि अर्पित कर परम पूज्य पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि देंगी। 26 अप्रैल को राष्ट्रपति वेटिकन सिटी के सेंट पीटर्स स्क्वायर में परम पूज्य पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी, जिसमें दुनिया भर के गणमान्य लोग शामिल होंगे।
3. 21 अप्रैल, 2025 को परम पूज्य पोप फ्रांसिस का निधन हो गया था। पोप फ्रांसिस के निधन पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया और कहा कि लोगों के प्रति उनका स्नेह हमेशा याद रखा जाएगा।
4. 22 अप्रैल, 2025 को विदेश और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर करने के लिए नई दिल्ली स्थित अपोस्टोलिक ननशिअचर (होली सी का दूतावास) का दौरा किया। भारत ने पोप के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
5. परम पूज्य पोप फ्रांसिस को दुनिया भर के लाखों लोग करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में हमेशा याद रखेंगे।
नई दिल्ली
24 अप्रैल 2025