1. विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निमंत्रण पर 30 जून से 02 जुलाई, 2025 तक अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे 1 जुलाई, 2025 को निर्धारित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक (क्यूएफएमएम) के अगले संस्करण में भाग लेंगे।
2. क्वाड बैठक के दौरान क्वाड देशों के विदेश मंत्री पिछली क्यूएफएमएम बैठक में हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगे, जो कि 21 जनवरी 2025 को वॉशिंगटन डीसी में हुई थी। वे क्षेत्रीय और वैश्विक विकास, विशेषकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र से संबंधित विकास पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और क्वाड लीडर्स शिखर सम्मेलन से पहले विभिन्न क्वाड पहल पर हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, जिसकी मेज़बानी भारत करेगा। आशा है कि मंत्री मिल-जुलकर स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नए प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
3. विदेश मंत्री जयशंकर 30 जून, 2025 को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 'आतंकवाद की मानवीय कीमत' प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इस प्रदर्शनी में दुनियाभर में जघन्य आतंकवादी कृत्यों के विनाशकारी प्रभाव और आतंकवाद से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला जाएगा।
नई दिल्ली
29 जून 2025