1. मैं कहना चाहता हूं कि एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान आप सभी के बीच उपस्थित होना मेरे लिए बहुत ही गर्व की बात है। भारत एससीओ में चीन की सफल अध्यक्षता का समर्थन करता है।
2. महामहिम, जैसा कि आपने बताया कि पिछले अक्तूबर में कज़ान में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक के बाद से हमारे द्विपक्षीय संबंधों में लगातार सुधार हो रहा है। मुझे विश्वास है कि इस यात्रा में मेरी चर्चाएं उसी सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेंगी।
3. महामहिम, हमने अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मनाई है। भारत में कैलाश मानसरोवर यात्रा की दोबारा शुरुआत की सराहना की जा रही है। हमारे संबंधों के निरंतर सामान्यीकरण से पारस्परिक रूप से लाभकारी परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
4. अंतर्राष्ट्रीय स्थिति, जैसा कि हमने मुलाकात की है, महामहिम, बहुत जटिल है। पड़ोसी देशों और प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के रूप में, भारत और चीन के बीच विचारों और दृष्टिकोणों का मुक्त रूप से आदान-प्रदान होना अत्यंत ही महत्त्वपूर्ण है।
5. इस यात्रा के दौरान इस तरह की चर्चाओं के लिए मैं अत्यधिक उत्सुक हूं।
धन्यवाद।
बीजिंग
14 जुलाई 2025