विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने चीन की अपनी यात्रा के दौरान 14 जुलाई, 2025 को बीजिंग में अपने चीनी समकक्ष, सीपीसी पोलित ब्यूरो सदस्य और विदेश मंत्री महामहिम श्री वांग यी के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
2. बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने संबंधों को स्थिर और पुनः निर्मित करने के लिए हाल ही में हुई प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया, जिसमें इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाने के कार्यकलापों सहित जन-केंद्रित संपर्क को प्राथमिकता दी गई। विदेश मंत्री ने कैलाश मानसरोवर यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए चीनी पक्ष के सहयोग की सराहना की। दोनों पक्षों ने लोगों के बीच आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने के लिए एक दूसरे के देश में यात्रा सहित दोनों देशों के लिए सीधी उड़ान सहित अतिरिक्त व्यावहारिक कदम उठाने पर भी सहमति जताई गई।
3. विदेश मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों के सुचारू विकास के लिए सीमा पर शांति और सौहार्द के सकारात्मक प्रभाव पर ज़ोर दिया। इसके साथ ही, उन्होंने तनाव कम करने और सीमा प्रबंधन के लिए लगातार प्रयास करने का भी समर्थन किया। उन्होंने सीमा पार नदियों पर सहयोग की आवश्यकता पर ज़ोर दिया, जिसमें चीनी पक्ष द्वारा जल विज्ञान संबंधित आंकड़े दोबारा प्रदान करना भी शामिल है। उन्होंने प्रतिबंधात्मक व्यापार उपाय और आर्थिक सहयोग में आने वाली बाधाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए।
4. दोनों मंत्रियों ने साझा हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा भी की। विदेश मंत्री ने शंघाई सहयोग संगठन की सफल अध्यक्षता के लिए चीनी पक्ष के प्रति भारत का समर्थन व्यक्त किया।
5. चर्चाएं रचनात्मक और दूरदर्शी रहीं। मंत्रियों ने द्विपक्षीय यात्रा और बैठक सहित अन्य माध्यमों से संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
6. पूरे दिन भिन्न-भिन्न अंतराल पर, विदेश मंत्री ने चीन के उपराष्ट्रपति महामहिम श्री हान झेंग से भी मुलाकात की। इसके अलावा, उन्होंने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतर्राष्ट्रीय विभाग के मंत्री महामहिम श्री लियू जियानचाओ से भी भेंट की। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर कल विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए तियानजिन की यात्रा करेंगे और शंघाई सहयोग संगठन से संबंधित अन्य बैठकों में शामिल होंगे।
बीजिंग
14 जुलाई, 2025