यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री माननीय कीर स्टार्मर के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 23-24 जुलाई, 2025 तक यूनाइटेड किंगडम की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की यूके की चौथी यात्रा होगी।
2. यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी प्रधानमंत्री विस्तृत मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें भारत-ब्रिटेन द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलू शामिल होंगे। वे क्षेत्रीय और वैश्विक रूप से महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री महामहिम राजा चार्ल्स तृतीय से भी भेंट करेंगे। यात्रा के दौरान दोनों पक्ष व्यापार और अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, रक्षा व सुरक्षा, जलवायु, स्वास्थ्य, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के आपसी संबंधों पर विशेष रूप से ध्यान देते हुए व्यापक रणनीतिक साझेदारी (सीएसपी) की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे।
3. यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री श्री मोदी मालदीव गणराज्य के राष्ट्रपति, महामहिम डॉ. मोहम्मद मुइज़्ज़ू के निमंत्रण पर 25-26 जुलाई, 2025 तक मालदीव की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। प्रधानमंत्री की मालदीव की यह तीसरी यात्रा होगी और महामहिम राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज़्ज़ू के कार्यकाल में किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष या शासनाध्यक्ष की मालदीव की पहली यात्रा होगी।
4. प्रधानमंत्री 26 जुलाई, 2025 को मालदीव की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह के ‘मुख्य अतिथि’ होंगे। यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री महामहिम डॉ. मोहम्मद मुइज़्ज़ू के साथ बैठक करते हुए आपसी हितों के मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। दोनों नेता अक्तूबर 2024 में मालदीव के राष्ट्रपति की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान अपनाए गए ‘व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी’ के लिए भारत-मालदीव संयुक्त दृष्टिकोण के कार्यान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। यह यात्रा दर्शाती है कि भारत के लिए उसका समुद्री पड़ोसी मालदीव अत्यंत विशेष महत्त्व रखता है और भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति तथा विज़न महासागर के तहत इसका एक खास स्थान है। इस यात्रा से दोनों पक्षों को अपने द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने तथा मज़बूत बनाने के लिए अवसर प्राप्त होंगे।
नई दिल्ली
20 जुलाई 2025