प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और यूके के प्रधानमंत्री महामहिम सर कीर स्टार्मर ने आज ऐतिहासिक भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते [सीईटीए] पर हस्ताक्षर के बाद भारत और यूके के उद्योगपतियों से मुलाकात की। बैठक में स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, रत्न व आभूषण, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, विनिर्माण, दूरसंचार, प्रौद्योगिकी, आईटी, रसद, वस्त्र और वित्तीय सेवा क्षेत्र में दोनों पक्षों के अग्रणी उद्योगपति उपस्थित थे। ये क्षेत्र दोनों देशों में रोज़गार सृजन और समावेशी आर्थिक विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान देते हैं।
2. दोनों नेताओं ने हाल के वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों में हुए विस्तार का उल्लेख किया। उद्योगपतियों के साथ बातचीत के दौरान, उन्होंने उन्हें व्यापार, निवेश और नवाचार साझेदारी को अधिक गहरा करने तथा सीईटीए से मिलने वाले अवसरों की पूरी क्षमता का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाकर आर्थिक विकास को गति देने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए, उन्होंने कहा कि यह नया समझौता दोनों अर्थव्यवस्थाओं और वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में व्यापारिक भावना को बढ़ावा देगा। सीईटीए के ठोस लाभ पर प्रकाश डालते हुए, दोनों नेताओं ने दोनों देशों के प्रमुख उत्पादों और नवाचारों की एक प्रभावशाली शृंखला प्रदर्शित की। प्रदर्शनी में रत्न और आभूषण, इंजीनियरिंग सामान, गुणवत्तापूर्ण उपभोक्ता उत्पाद और उन्नत तकनीकी समाधान शामिल थे।
3. भारत-यूके उद्योग के अग्रणियों ने ऐतिहासिक व्यापार समझौते की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस व्यापक रणनीतिक साझेदारी से एक नए युग की शुरुआत होगी। इससे न केवल व्यापार और अर्थव्यवस्था में, बल्कि उभरती प्रौद्योगिकियों, शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और स्वास्थ्य क्षेत्रों में भी सहयोग को गहराई मिलेगी।
4. दोनों नेताओं ने नए समझौते की क्षमता का दोहन करने और आने वाले वर्षों में आर्थिक सहयोग के बंधनों को गहरा करने के लिए छोटे और बड़े व्यवसायों को समर्थन देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
लंदन
24 जुलाई 2025