प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने महामहिम राजा चार्ल्स तृतीय से उनके ग्रीष्मकालीन निवास सैंड्रिंघम एस्टेट में मुलाकात की।
2. प्रधानमंत्री ने महामहिम के स्वास्थ्य में सुधार और शाही कर्तव्यों के पुनः संभालने पर प्रसन्नता व्यक्त की। दोनों के बीच आयुर्वेद और योग सहित स्वास्थ्य एवं सतत जीवन से संबंधित मुद्दों तथा दुनिया भर के लोगों तक इनके लाभों को पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा हुई।
3. दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों पर भी बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी और चार्ल्स तृतीय ने कहा कि भारत-यूके के बीच व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर से दोनों देशों के बीच आपसी साझेदारी को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने महामहिम को सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत द्वारा की गई प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन और स्थिरता के संबंध में अपने साझा दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और सहयोग करने के तरीकों पर भी चर्चा की।
4. दोनों ने उन तरीकों पर भी चर्चा की, जिनसे ब्रिटेन और भारत राष्ट्रमंडल में मिल-जुलकर काम कर सकते हैं।
5. प्रधानमंत्री मोदी ने महामहिम किंग चार्ल्स को हरित अभियान-‘एक पेड़ मां के नाम’ में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया और एक पौधा सौंपा, जिसे आगामी शरद ऋतु के रोपण सत्र के दौरान सैंड्रिंघम एस्टेट में लगाया जाएगा।
6. प्रधानमंत्री मोदी ने महामहिम किंग चार्ल्स को उनके आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें भारत की राजकीय यात्रा पर आने का निमंत्रण दिया।
लंदन
24 जुलाई 2025