महामहिम,
विशिष्ट अथितिगण,
मुझे व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग के लिए भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (आईआरआईजीसी-टीईसी) के 26वें सत्र में आपके और दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ शामिल होकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।
हम नवंबर 2024 में नई दिल्ली में हुए पिछले सत्र के लगभग 10 महीने बाद यहां मिल रहे हैं, और मुझे लगता है कि यह शायद दो सत्रों के बीच का अब तक का सबसे छोटा अंतराल है।
महामहिम, पिछले चार वर्षों में जैसा कि आपने उल्लेख किया कि वस्तुओं के क्षेत्र में हमारा द्विपक्षीय व्यापार पांच गुना से अधिक बढ़कर 2021 के 13 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़ते हुए 2024-25 में 68 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है और इसमें लगातार बढ़त हो रही है। हालांकि, इस बढ़त के साथ-साथ एक बड़ा व्यापार असंतुलन भी सामने आया है; यह 6.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 58.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया है, जो कि लगभग नौ गुना है। इसलिए हमें तुरंत इसे संबोधित करने की आवश्यकता है।
आज, जब हम मिल रहे हैं, तो मुझे हमारे समक्ष एजेंडा की कुछ मुख्य विशेषताएं रखने की अनुमति दीजिए। टैरिफ और गैर-टैरिफ व्यापार बाधाओं को दूर करना, लॉजिस्टिक्स में व्यवधानों को दूर करना, अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे, उत्तरी समुद्री मार्ग और चेन्नई-व्लादिवोस्तोक गलियारे के माध्यम से कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना, भुगतान तंत्र को सुचारू रूप से लागू करना, 2030 तक आर्थिक सहयोग कार्यक्रम को समय पर अंतिम रूप देना और उसका क्रियान्वयन करना, भारत-यूरेशियन आर्थिक संघ एफटीए को शीघ्र पूरा करना, जिसके संदर्भ की शर्तों को आज अंतिम रूप दिया गया, और दोनों देशों के व्यवसायों के बीच नियमित संपर्क – ये कुछ प्रमुख तत्वों में शामिल हैं।
ये न केवल असंतुलन को दूर करने और हमारे व्यापार को बढ़ाने में मदद करेंगे, बल्कि 2030 तक 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर के हमारे संशोधित व्यापार लक्ष्य को समय पर प्राप्त करने में भी तेज़ी लाएंगे।
साथियों, हम सभी इस बात से भली-भांति परिचित हैं कि हम एक जटिल भू-राजनीतिक स्थिति की पृष्ठभूमि में मिल रहे हैं। हमारे नेता निकटता से और नियमित रूप से एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं। वे हमारी विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के लिए समझदारी भरा और व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। पिछले वर्ष उनकी दो ‘व्यक्तिगत’ बैठकें हुईं और वे हमारी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रतिबद्ध हैं।
आज, जब हम यहां आईआरआईजीसी-टीईसी के लिए इकट्ठा हुए हैं, तो मुझे कुछ सुझाव पेश करने की अनुमति दीजिए कि हम अपनी कार्यकुशलता में किस प्रकार सुधार कर सकते हैं और अपने आर्थिक सहयोग को और अधिक गहन बनाने के अवसर पर कैसे आगे बढ़ सकते हैं।
सबसे पहले, विभिन्न कार्य समूह और उप समूह संभवतः अपने-अपने एजेंडों के प्रति अधिक रचनात्मक और नवीन दृष्टिकोण अपना सकते हैं। मैंने बताया कि बड़े लैंडस्केप से उत्पन्न चुनौतियों के लिए हमें ऐसा करने की आवश्यकता है। और यह इस तरह से किया जाना चाहिए कि यह दोनों पक्षों के लिए कारगर हो। इसलिए, जैसा कि आपने कहा, आज हम सुचारू निपटान, बेहतर लॉजिस्टिक्स, हमारे व्यापार में विविधता, अधिक संयुक्त उद्यम बनाने, कौशल और गतिशीलता पर आगे बढ़ने की बात कर रहे हैं, ये कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, कुछ ऐसे उदाहरण हैं जिन पर हमें अधिक प्रभावी ढंग से ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।
दूसरा, हमें आपसी परामर्श के माध्यम से अपने एजेंडे में निरंतर विविधता लानी चाहिए और उसका विस्तार करना चाहिए। इससे हमें अपने व्यापार और निवेश संबंधों की पूरी क्षमता का दोहन करने में मदद मिलेगी। हमें पुराने रास्तों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। हमें ज़्यादा से ज़्यादा चीज़ें करनी चाहिए और अलग ढंग से करने के लिए एक मंत्र अपनाना चाहिए।
तीसरा, मैं आग्रह करूंगा कि हम अपने लिए कुछ परिमाणात्मक लक्ष्य और विशिष्ट समय-सीमाएं निर्धारित करें, ताकि हम स्वयं को अधिक प्राप्त करने के लिए चुनौती दे सकें, संभवतः उससे भी आगे निकल सकें जो हमने लक्ष्य रखा था। प्रत्येक कार्य समूह और प्रत्येक उप समूह लक्ष्य निर्धारित करने के लिए एकजुट हो सकते हैं और देख सकते हैं कि आईआरआईजीसी-टीईसी के अगले सत्र तक हम क्या हासिल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, यदि आप व्यापार बाधाओं पर विचार कर रहे हैं, तो क्या हम एक निश्चित संख्या चुन सकते हैं और प्रतिबद्धता व्यक्त कर सकते हैं? यदि हम किसी प्रस्ताव पर सहमत हो गए हैं, तो क्या हम उसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित कर सकते हैं? इसलिए, मेरा मानना है कि प्रत्येक कार्य समूह और उप समूह को कम से कम एक संभावित लक्ष्य शामिल करना चाहिए और पूरी दृढ़ता के इसे प्राप्त करना चाहिए।
चौथा, मैं आपके विचार के लिए एक सुझाव दूंगा कि आईआरआईजीसी सत्रों के बीच कम से कम दो अंतर-सत्रीय बैठकें होनी चाहिए। हम सभी सह-अध्यक्षों के साथ एक वर्चुअल मध्यावधि समीक्षा भी कर सकते हैं, जैसा कि हमने 2023 में किया था। यह निश्चित रूप से हमें सुधार के उपाय करने और आवश्यक समायोजन करने में मदद करेगा। ऐसा करने के लिए, मुझे लगता है कि यह उपयोगी भी होगा यदि हम में से प्रत्येक दोनों पक्षों पर आईआरआईजीसी-टीईसी के लिए एक मुख्य समन्वयक नामित करें, जो संपर्क में रहेंगे।
अंत में, इस बैठक के बाद हम एक व्यावसायिक सत्र के लिए जाएंगे, और मैं आपके विचार के लिए एक सुझाव दूंगा कि हम व्यावसायिक मंच और आईआरआईजीसी के विभिन्न कार्य समूहों के बीच एक समन्वय तंत्र बना सकते हैं, ताकि व्यावसायिक जगत और राजनीतिक जगत के लोगों के बीच दोतरफा संपर्क बना रहे। हम चाहेंगे कि आईआरआईजीसी और भी अधिक परिणामोन्मुखी, प्रासंगिक और दोनों पक्षों के व्यापारिक समुदायों के लिए आसानी से उपलब्ध हो।
इसलिए, मैं यह याद दिलाते हुए अपनी बात समाप्त करना चाहूंगा कि आईआरआईजीसी वार्षिक शिखर सम्मेलन की तैयारी की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण तंत्र है, जिसका आयोजन हम इस वर्ष के अंत में करने की उम्मीद करते हैं, और वास्तव में यह हमारा कार्य है, यह वह है जो हम प्रदान करते हैं, जो वास्तव में भारत और रूस के बीच संबंधों को संचालित करता है। इसलिए, मैं एक बार फिर आपके गर्मजोशी भरे स्वागत, आतिथ्य और आज की बैठक के लिए की गई शानदार व्यवस्था के लिए आपको धन्यवाद देता हूं। मैं हमारी सार्थक चर्चाओं को लेकर अत्यंत उत्सुक हूं।
धन्यवाद।
मॉस्को
20 अगस्त 2025