धन्यवाद
महामहिम, आपसे मॉस्को में दोबारा मिलकर खुशी हो रही है। मैं आपके गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य के लिए धन्यवाद देता हूं।
निस्संदेह, हम बहुपक्षीय आयोजनों में नियमित रूप से मिलते रहे हैं, हाल ही में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और एससीओ विदेश मंत्रियों के शिखर सम्मेलन में। और मुझे लगता है कि इन नियमित बैठकों ने हमें निरंतर संपर्क बनाए रखने में मदद की है, जो कि ऐसे समय में महत्त्वपूर्ण है जब अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में बहुत सारा बदलाव हो रहा है।
आज की बैठक हमें न केवल अपने राजनीतिक संबंधों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करती है, बल्कि अपने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करने के लिए भी एक मौका देती है। तो मैं आशा करता हूं कि हम राजनीति, व्यापार, अर्थशास्त्र, निवेश, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, और बेशक दोनों देशों के लोगों के बीच आदान-प्रादान पर विचार साझा करेंगे।
हमारे नेताओं ने पिछले वर्ष जुलाई में 22वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में मुलाकात की और उसके बाद वे कज़ान में भी मिले। अब हम वर्ष के अंत में होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन की तैयारी कर रहे हैं, और उन्होंने हमेशा हमें हमारी विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया है।
जैसा कि आपने उल्लेख किया है, कल अंतर-सरकारी आयोग पर डेनिस मंटुरोव के साथ हमारी बहुत ही उपयोगी बैठक हुई। मुझे लगता है कि हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग में कई मुद्दों पर चर्चा की और कई समाधान भी निकाले। मुझे यह साझा करते हुए बहुत खुशी होगी। लेकिन सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि आज मैं चाहता हूं कि इन द्विपक्षीय चर्चाओं को आगे बढ़ाया जाए, ताकि वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए हम अधिकतम परिणाम प्राप्त कर सकें।
हमारी ओर से पूरा समय व्यस्तताओं से भरा हुआ था। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, अजीत डोभाल यहां उपस्थित थे। इससे पहले, हमारे रेल, सूचना एवं प्रसारण और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और नीति आयोग की उपाध्यक्ष सुमन बेरी एसपीआईईएफ के लिए यहां अपनी उपस्थिति दर्ज की, जो यह दर्शाता है कि दोनों देशों के बीच हमारे संबंध कितने गहरे हैं।
आज की हमारी बैठक वैश्विक राजनीति, अर्थशास्त्र और व्यापार में बदलावों से प्रभावित है और हमारा साझा उद्देश्य एक-दूसरे की ताकत का अच्छी तरह से उपयोग करना है।
इसलिए आज, मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे विचारों का आदान-प्रदान बहुत ही फलदायी होगा, बहुत ही लाभकारी होगा, और निश्चित रूप से वार्षिक शिखर सम्मेलन को यथासंभव परिणामोन्मुखी बनाने में योगदान देगा।
गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए एक बार फिर से आपका धन्यवाद।
मॉस्को
21 अगस्त 2025