जापान के प्रधानमंत्री महामहिम शिगेरू इशिबा के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 29-30 अगस्त, 2025 तक जापान की यात्रा पर रहेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की आठवीं जापान यात्रा होगी और प्रधानमंत्री इशिबा के साथ पहली शिखर बैठक होगी।
2. इस यात्रा के दौरान, दोनों प्रधानमंत्री भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की समीक्षा करेंगे, जिसमें रक्षा और सुरक्षा, व्यापार व अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार तथा दोनों देशों के लोगों के बीच आदान-प्रदान शामिल होंगे। इसके अलावा, वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्त्व के मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच मित्रता के दीर्घकालिक अनूठे बंधन की भी पुष्टि करेगी।
3. यात्रा के दूसरे चरण में, चीन के राष्ट्रपति महामहिम शी जिनपिंग के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री 31 अगस्त से 1 सितंबर, 2025 तक तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन की यात्रा करेंगे। आशा है कि शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
4. वर्ष 2017 से भारत एससीओ का सदस्य है। वर्ष 2022-23 के दौरान भारत ने एससीओ के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता की।
नई दिल्ली
22 अगस्त, 2025