प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री महामहिम श्री शिगेरु इशिबा ने आज एक साथ मिलकर मियागी प्रांत का दौरा किया। सेंडाई में दोनों नेताओं ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र की एक अग्रणी जापानी कंपनी टोक्यो इलेक्ट्रॉन मियागी लिमिटेड (टीईएल मियागी) का दौरा किया। प्रधानमंत्री को वैश्विक सेमीकंडक्टर मूल्य शृंखला में टीईएल की भूमिका, इसकी उन्नत विनिर्माण क्षमता और भारत के साथ इसके चल रहे तथा नियोजित सहयोग के बारे में जानकारी दी गई। फैक्टरी के दौरे से नेताओं को सेमीकंडक्टर आपूर्ति शृंखला, निर्माण और परीक्षण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच मौजूद अवसरों की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई।
2. सेंडाई की यात्रा ने भारत के बढ़ते सेमीकंडक्टर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र और उन्नत सेमीकंडक्टर उपकरण व प्रौद्योगिकी में जापान की ताकत के बीच पूरकता को रेखांकित किया। दोनों पक्षों ने इस क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने, जापान-भारत सेमीकंडक्टर आपूर्ति शृंखला साझेदारी पर सहयोग ज्ञापन के साथ-साथ भारत-जापान औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता साझेदारी और आर्थिक सुरक्षा वार्ता के तहत चल रही साझेदारियों के आधार पर अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
3. प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री इशिबा की इस संयुक्त यात्रा ने मज़बूत, लचीली और विश्वसनीय सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने के भारत और जापान के साझा दृष्टिकोण को भी रेखांकित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री इशिबा के प्रति अपनी सराहना व्यक्त की और इस रणनीतिक क्षेत्र में जापान के साथ मिलकर काम करने की भारत की तत्परता की भी पुष्टि की।
4. प्रधानमंत्री इशिबा ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में सेंडाई में दोपहर में एक भोज का आयोजन किया था। इस अवसर पर मियागी प्रांत के गवर्नर और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
सेंडाई
30 अगस्त, 2025