भारत के महामहिम उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने 26-27 अक्तूबर को नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए सेशल्स गणराज्य की यात्रा की।
2. उपराष्ट्रपति ने अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के अलावा उपराष्ट्रपति महामहिम श्री सेबेस्टियन पिल्ले से भी भेंट की. उन्होंने भारत सरकार की ओर से नवनिर्वाचित सरकार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उपराष्ट्रपति ने विजन महासागर (विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र प्रगति) के तहत भारत द्वारा सेशल्स के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व और ग्लोबल साउथ के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। चर्चा में दोनों देशों के बीच बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
3. उपराष्ट्रपति ने अपनी यात्रा के दौरान मॉरिशस के प्रधानमंत्री, डॉ. नवीनचन्द्र रामगुलाम से भी मुलाकात की। उपराष्ट्रपति ने सेशल्स में भारतीय प्रवासियों की तरफ से आयोजित सामुदायिक स्वागत समारोह को भी संबोधित किया।
4. भारत और सेशेल्स लोकतंत्र और बहुलवाद के समान मूल्यों को साझा करते हैं, और एक निकट, लंबे समय तक चलने वाली और समय की कसौटी पर जांची-परखी साझेदारी का आनंद उठाते हैं। भारत सरकार हमारी द्विपक्षीय भागीदारी को और मजबूत और विस्तारित करने के लिए डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के नेतृत्व वाली सेशेल्स की नई सरकार के साथ काम करने के लिए उत्सुक है।
नई दिल्ली
28 अक्तूबर, 2025