भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 8-13 नवम्बर, 2025 तक अंगोला और बोत्सवाना की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की अंगोला और बोत्सवाना की पहली राजकीय यात्रा होगी।
2. अंगोला के राष्ट्रपति महामहिम श्री जोआओ मैनुअल गोंसाल्वेस लोरेंसो के निमंत्रण पर राष्ट्रपति मुर्मू 8-11 नवम्बर, 2025 तक अंगोला की यात्रा पर रहेंगी। भारत और अंगोला इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। राष्ट्रपति मुर्मू 9 नवम्बर को राष्ट्रपति लोरेंसो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू 11 नवम्बर, 2025 को अंगोला की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति मुर्मू अंगोला की संसद को संबोधित करेंगी और अंगोला में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत भी करेंगी। भारत और अंगोला के बीच मैत्री और सहयोग के घनिष्ठ संबंध हैं, जो कि विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। राष्ट्रपति मुर्मू की राजकीय यात्रा द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयाम की समीक्षा करने तथा पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को और गति प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी।
3. अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, राष्ट्रपति मुर्मू बोत्सवाना के राष्ट्रपति, महामहिम एडवोकेट ड्यूमा गिदोन बोको के निमंत्रण पर 11-13 नवम्बर 2025 तक बोत्सवाना का दौरा करेंगी। यह राजकीय यात्रा बोत्सवाना के साथ भारत के दीर्घकालिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू 12 नवम्बर को बोत्सवाना के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू बोत्सवाना की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करेंगी, बोत्सवाना में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी और सांस्कृतिक तथा ऐतिहासिक महत्त्व के स्थलों का दौरा भी करेंगी। यह यात्रा बोत्सवाना के साथ सहयोगात्मक संबंधों को नई गति प्रदान करेगी और पारस्परिक लाभ के लिए नए क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करेगी।
4. राष्ट्रपति मुर्मू की राजकीय यात्रा अफ्रीकी क्षेत्र के साथ अपनी साझेदारी को गहरा करने की भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है, और इससे अंगोला तथा बोत्सवाना के साथ भारत के दीर्घकालिक सहकारी संबंध और मज़बूत होंगे।
नई दिल्ली
06 नवम्बर, 2025