प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 11-12 नवम्बर 2025 तक भूटान की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा भारत और भूटान के बीच मैत्री और सहयोग के विशेष संबंधों को और मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम होगी। इसके अलावा, यह यात्रा दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय द्विपक्षीय संवाद की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए एक प्रतीक के रूप में काम करेगी।
2. इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता संयुक्त रूप से 1020 मेगावाट क्षमता वाले पुनात्सांगछू-II जल विद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिसे भारत सरकार और भूटान की शाही सरकार ने मिलकर विकसित किया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री चौथे भूटान नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री भूटान के प्रधानमंत्री महामहिम श्री शेरिंग तोबगे से भी मुलाकात करेंगे।
3. प्रधानमंत्री की यात्रा उस समय हो रही है जब भारत से भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों का भूटान में प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री थिम्पू के ताशिछोद्जोंग में पवित्र अवशेषों की पूजा-अर्चना करेंगे और भूटान की शाही सरकार द्वारा आयोजित वैश्विक शांति प्रार्थना महोत्सव में भी भाग लेंगे।
4. भारत और भूटान के बीच एक अद्वितीय और अनुकरणीय साझेदारी है, जो कि गहरे पारस्परिक विश्वास, सद्भावना और एक-दूसरे के प्रति सम्मान पर आधारित हैं। साझा आध्यात्मिक विरासत और लोगों के बीच मधुर संबंध इस विशेष साझेदारी की पहचान हैं। प्रधानमंत्री की यात्रा दोनों पक्षों को हमारी द्विपक्षीय साझेदारी को और बढ़ाने तथा मज़बूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श करने तथा आपसी हित के क्षेत्रीय और व्यापक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी।
नई दिल्ली
08 नवम्बर, 2025