प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज थिम्पू में चतुर्थ भूटान नरेश महामहिम जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से भेंट की।
2. प्रधानमंत्री ने चौथे नरेश की 70वीं जयंती के अवसर पर बधाई दी और भारत सरकार एवं देश के नागरिकों की ओर से महामहिम नरेश के उत्तम स्वास्थ्य एवं कुशलता के लिए प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने भारत-भूटान मैत्री को और सुदृढ़ बनाने में उनके नेतृत्त्व, परामर्श और मार्गदर्शन के लिए चतुर्थ नरेश को धन्यवाद दिया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा की। इस संदर्भ में, उन्होंने साझा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक बंधनों को रेखांकित किया जो कि दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे के नज़दीक लाते हैं।
3. प्रधानमंत्री मोदी थिम्पू में जारी वैश्विक शांति प्रार्थना महोत्सव के एक भाग के रूप में चांगलिमथांग स्टेडियम में कालचक्र दीक्षा समारोह में महामहिम, भूटान के राजा, चतुर्थ भूटान नरेश और भूटान के प्रधानमंत्री के साथ शामिल हुए। इस प्रार्थना की अध्यक्षता भूटान के मुख्य मठाधीश परम पूज्य श्री जे खेंपो ने की।
थिम्पू
12 नवम्बर, 2025