प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 21-23 नवम्बर, 2025 को जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेंगे। वे दक्षिण अफ्रीका द्वारा आयोजित किए जा रहे 20वें जी-20 लीडर्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह ग्लोबल साउथ (विकासशील देश) में आयोजित होने वाला लगातार चौथा जी-20 शिखर सम्मेलन होगा। शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री जी-20 एजेंडा पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे। आशा है कि प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन के तीन सत्रों को संबोधित करेंगे। इन सत्रों के विषय निम्नलिखित हैं:
i. समावेशी और सतत आर्थिक विकास, जिसमें कोई वंचित न रहे : अपनी अर्थव्यवस्थाओं का निर्माण, व्यापार की भूमिका, विकास के लिए वित्त पोषण और ऋण का बोझ
ii. एक लचीली दुनिया; जी-20 का योगदान: आपदा जोखिम में कमी, जलवायु परिवर्तन, न्यायोचित ऊर्जा परिवर्तन, खाद्य प्रणालियां
iii. सभी के लिए निष्पक्ष और न्यायोचित भविष्य: महत्त्वपूर्ण खनिज, उत्कृष्ट कार्य, कृत्रिम मेधा
2. आशा है कि जी-20 लीडर्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री के जोहान्सबर्ग में उपस्थित कुछ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री दक्षिण अफ्रीका द्वारा आयोजित की जा रही भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका (आईबीएसए) लीडर्स बैठक में भी भाग लेंगे।
नई दिल्ली
19 नवम्बर, 2025