माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज जोहान्सबर्ग में जी-20 लीडर्स शिखर सम्मेलन के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री महामहिम श्री मार्क कार्नी से भेंट की। दोनों नेताओं ने भारत–कनाडा साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा भी की।
2. दोनों नेताओं ने ऑस्ट्रेलिया–कनाडा–भारत प्रौद्योगिकी और नवाचार (एसीआईटीआई) साझेदारी को अपनाने का स्वागत किया। इससे ज़रूरी प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा, आपूर्ति शृंखला में विविधता और एआई के क्षेत्र में तीन–तरफ़ा सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जून 2025 में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान कनानास्किस में हुई अपनी बैठक के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में आई नई गति और अक्तूबर 2025 में विदेश मंत्रियों द्वारा द्विपक्षीय सहभागिता के लिए नए रोडमैप के शुभारंभ की सराहना की। दोनों प्रधानमंत्रियों ने व्यापार और निवेश, रक्षा, शिक्षा, अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्नी ने फरवरी 2026 में भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले एआई शिखर सम्मेलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
3. नेताओं ने एक बड़े लक्ष्य वाले व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत शुरू करने पर सहमति व्यक्त की। इसका उद्देश्य 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करके 50 बिलियन अमेरिकी डॉलर करना है। दोनों पक्षों ने लंबे समय से चले आ रहे असैन्य परमाणु सहयोग की दोबारा पुष्टि की। उन्होंने दीर्घावधि यूरेनियम आपूर्ति समझौते के ज़रिए सहयोग बढ़ाने पर चल रही बातचीत पर चर्चा की।
4. नेताओं ने नियमित रूप से उच्च स्तरीय बातचीत के महत्त्व पर ज़ोर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री कार्नी को भारत आने का निमंत्रण दिया।
जोहान्सबर्ग
23 नवम्बर, 2025