प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान इटली की प्रधानमंत्री सुश्री जॉर्जिया मेलोनी से भेंट की। दोनों नेताओं की इस वर्ष जून में कनाडा के कनानास्किस में हुए जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भी संक्षिप्त बातचीत हुई थी।
2. प्रधानमंत्री मेलोनी ने दिल्ली में हुए आतंकी हमले को लेकर भारत के प्रति एकजुटता व्यक्त की और आतंकवाद से निपटने के लिए मिलकर काम करने की इटली की मज़बूत प्रतिबद्धता दोहराई। इसी संदर्भ में दोनों नेताओं ने आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने के लिए भारत-इटली संयुक्त पहल’ को अपनाया Iइस पहल का उद्देश्य आतंकवाद के विरुद्ध द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करना और फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स’ (एफएटीएफ) व ग्लोबल काउंटर टेररिज्म फोरम (जीसीटीएफ) जैसे बहुपक्षीय मंचों पर साझेदारी को बढ़ाना है।
3. दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की और इस पर संतोष व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29 की प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया।
4. नेताओं ने इस वर्ष नई दिल्ली और ब्रेशिया में आयोजित दो व्यवसाय मंचों का स्वागत किया, जिनमें दोनों देशों के उद्योगों की मज़बूत भागीदारी रही। नेताओं ने व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार और निवेश साझेदारियों को बढ़ाने के लिए जारी प्रयासों पर ध्यान दिया, जिनका उद्देश्य दोनों अर्थव्यवस्थाओं की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाना और लचीली आपूर्ति श्रृंखलाएं विकसित करना है।
5. नेताओं ने भारत की हालिया इतालवी अंतरिक्ष प्रतिनिधिमंडल की यात्रा की सराहना की, जो इस क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाएगी, चाहे वह सरकारी स्तर पर हो या निजी क्षेत्र में।
6. प्रधानमंत्री मेलोनी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को पारस्परिक रूप से लाभकारी रूप में जल्द पूरा करने और 2026 में भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन की सफलता के प्रति इटली के मज़बूत समर्थन की बात दोहराई।
7. यह भेंट दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय नियमित संवाद की परंपरा को और मज़बूत करती है। दोनों नेताओं ने लोकतंत्र, विधि के शासन और सतत विकास जैसे साझा मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए वैश्विक और बहुपक्षीय मंचों पर मिलकर काम जारी रखने की आशा व्यक्त की।
जोहान्सबर्ग
नवम्बर 23, 2025