श्री रणधीर जायसवाल, आधिकारिक प्रवक्ता: नमस्कार देवियों और सज्जनों। प्रधानमंत्री की जॉर्डन में चल रही यात्रा के संबंध में विदेश मंत्रालय में सचिव (दक्षिण) नीना मल्होत्रा द्वारा रखी गई इस विशेष प्रेस वार्ता में मैं आप सभी का स्वागत करता हूं।
हमारे साथ जॉर्डन में हमारे राजदूत श्री मनीष चौहान हैं, साथ ही हमारे बीच संयुक्त सचिव डॉ. सुरेश कुमार भी उपस्थित हैं, जो कि विदेश मंत्रालय में डब्ल्यूएएनए क्षेत्र का कार्यभार संभालते हैं।
इसी के साथ मैं सचिव (दक्षिण) को आरंभिक संबोधन के लिए आमंत्रित हूं। महोदया, टिप्पणी दीजिए।
डॉ. नीना मल्होत्रा, सचिव (दक्षिण): धन्यवाद, रणधीर। नमस्कार, आप सभी को सुप्रभात।
हम यहां अम्मान में मिल रहे हैं क्योंकि हमारे माननीय प्रधानमंत्री जॉर्डन के अपने दौरे पर हैं। यह यात्रा बहुत महत्त्वपूर्ण है क्योंकि यह पूर्ण रूप से द्विपक्षीय यात्रा 37 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हो रही है। जैसा कि आप जानते हैं, यह यात्रा हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के समय भी मेल खाती है।
माननीय प्रधानमंत्री कल जॉर्डन पहुंचें और उनका हवाई अड्डे पर सांस्कृतिक व औपचारिक स्वागत किया गया। वे और जॉर्डन के प्रधानमंत्री ने हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। जॉर्डन के प्रधानमंत्री के साथ संक्षिप्त बातचीत के बाद, वे होटल के लिए रवाना हुए। होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय और भारत के मित्रों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए होटल में एक छोटा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बाद में, प्रधानमंत्री अल हुसैनिया पैलेस के लिए रवाना हुए। पैलेस पहुंचने पर महामहिम किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री को पैलेस में गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके बाद दोनों नेताओं ने आमने-सामने बातचीत की, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई।
दोनों नेताओं ने पारस्परिक रुचि के द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार साझा किए। दोनों नेताओं ने अपने पिछले आमने-सामने और टेलीफोन के माध्यम से हुई बातचीत को गर्मजोशी से याद किया। जॉर्डन की ओर से भारत के आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया और आतंकवाद के सभी रूपों और प्रकटियों की निंदा की गई। प्रधानमंत्री ने महामहिम द्वारा कट्टरवाद उन्मूलन और इस्लामी दुनिया में मध्यस्थता की भूमिका में किए गए प्रमुख प्रयासों की सराहना की।
दोनों नेता और उनके मित्रों ने दोनों देशों के बीच सहभागिता को और गहरा करने के उपाय पर भी चर्चा की। उन्होंने उर्वरकों के क्षेत्र में देशों के बीच महत्त्वपूर्ण सहयोग, विशेष रूप से फॉस्फेट पर भी बातचीत की। जैसा कि आप जानते हैं, जॉर्डन भारत के लिए उर्वरक, खासकर फॉस्फेट उर्वरक का एक महत्त्वपूर्ण आपूर्तिकर्ता है। दोनों पक्षों की कंपनियां भारत में फॉस्फेटिक उर्वरकों की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने के लिए जॉर्डन में अधिक निवेश पर चर्चा कर रही हैं। हमारे प्रधानमंत्री ने यह भी प्रस्ताव रखा कि पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक दोगुना किया जाए।
क्षेत्रीय मुद्दों पर, दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के महत्त्व को दोहराया। इस संदर्भ में, उन्होंने गाज़ा शांति योजना को अपनाने का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने फिलिस्तीन पर भारत की लंबे समय से बनी हुई स्थिति को पुनः स्पष्ट किया।
आज, इस प्रेस वार्ता के थोड़े ही समय बाद, प्रधानमंत्री महामहिम किंग अब्दुल्ला द्वितीय के साथ मिलकर इंडिया-जॉर्डन व्यापार मंच को संबोधित करेंगे, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख व्यवसायिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस मंच के लिए भारत से एक बड़ी प्रतिनिधिमंडल यात्रा कर चुकी है। मंच में दोनों पक्षों के उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के भाग लेने की उम्मीद है, जिनमें उर्वरक, वस्त्र और कई अन्य क्षेत्रों में पहले से मौजूद सहभागिता से लेकर नए सहयोग क्षेत्रों, जैसे नई और नवीनीकृत ऊर्जा, आईटी और स्वास्थ्य क्षेत्र में संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
सुबह के बाद, प्रधानमंत्री महामहिम रॉयल क्राउन प्रिंस के साथ जॉर्डन म्यूजियम का दौरा करने वाले हैं। यह म्यूजियम देश के इतिहास को पाषाण युग से लेकर हाल के समय तक कई कालक्रमिक और विषयगत प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रस्तुत करता है। इस यात्रा के दौरान, ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, जल प्रबंधन, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्रों में दोनों पक्षों के बीच कई एमओयू और समझौते को अंतिम रूप दिए गए हैं।
नई और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग पर हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) से दोनों पक्षों को हरित हाइड्रोजन, ग्रिड एकीकरण और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग करने में मदद मिलेगी। जल प्रबंधन और विकास के क्षेत्र में सहयोग से संबंधित एमओयू को भी अंतिम रूप दिया गया है। जॉर्डन एक जल-अभाव वाला देश होने के कारण इस क्षेत्र में सहयोग अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। इस एमओयू के तहत सहयोग के क्षेत्रों में जल-संरक्षण वाली कृषि प्रौद्योगिकियां, क्षमता निर्माण, जलवायु अनुकूलन और योजना, जलभृत प्रबंधन तथा वर्षा जल संचयन शामिल हैं।
दोनों देशों के बीच मज़बूत सांस्कृतिक संबंधों को वर्ष 2025–29 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के माध्यम से और मज़बूती मिली है। दोनों पक्षों ने जॉर्डन के पेट्रा स्थल और महाराष्ट्र की एलोरा गुफाओं के बीच ट्विनशिप समझौते को भी अंतिम रूप दिया। इस समझौते के तहत, दोनों पक्ष सामाजिक संबंधों को बढ़ावा देने तथा पर्यटन और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग करने के लिए मिलकर काम करेंगे। इसके अतिरिक्त, दोनों देशों ने डिजिटल क्षेत्र में सफल समाधानों को साझा करने के लिए आगे सहयोग पर भी सहमति जताई और इस संबंध में आशय पत्र को अंतिम रूप दिया।
यात्रा के बाद एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया जाएगा, जिसका विवरण विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। इस वक्तव्य में हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के सभी क्षेत्रों को शामिल किए जाने की उम्मीद है। इसलिए, अंत में, मैं कह सकती हूं कि इस यात्रा ने कुछ महत्त्वपूर्ण परिणाम प्रदान करने में मदद की है और दोनों नेताओं के बीच समृद्ध चर्चाओं ने एक-दूसरे के मुख्य राष्ट्रीय हित के लिए विश्वास और परस्पर सम्मान को गहरा करने में मदद की है। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, अब मुझे आपके सवालों का जवाब देने में खुशी होगी।
विशाल, दूरदर्शन: महोदया मैं दूरदर्शन से विशाल हूं। दोनों देशों के बीच डिजिटल लेनदेन और डिजिटल भुगतान को लेकर काफी उत्सुकता और अपेक्षा है। अगर आप इस पर अधिक स्पष्टीकरण देंगी।
तापस भट्टाचार्य, दूरदर्शन: महोदय मैं दूरदर्शन से तापस भट्टाचार्य हूं। मान्यवर, जब महोदया ने चर्चा में आतंकवादी पहलू के बारे में बात की, तो क्या आप उस पर और रोशनी डाल सकते हैं?
अज्ञात वक्ता: नमस्कार। मैं रेडियो अल बलाद से हूं। मेरे दो सवाल हैं।
सबसे पहले, जॉर्डन के प्रधानमंत्री के साथ किन मुख्य बातों पर चर्चा हुई?और दूसरा, क्या भारत गाज़ा शांति परिषद में हिस्सा लेगा? धन्यवाद।
विनोद कुमार, आकाशवाणी: मैं आकाशवाणी से विनोद कुमार हूं। प्रधानमंत्री द्वारा साझा की गई आठ-बिंदु दृष्टि में उन्होंने असैन्य परमाणु सहायता का भी उल्लेख किया। कल चर्चा किए गए असैन्य परमाणु सहयोग के मुख्य तत्त्व क्या हैं?
डॉ. नीना मल्होत्रा, सचिव (दक्षिण): सबसे पहले मैं आतंकवाद के सवाल पर जवाब दूंगी। जैसा कि आप जानते हैं कि पहलगाम हमलों के बाद, महामहिम ने हमारे प्रधानमंत्री को फोन करके भारत के प्रति एकजुटता व्यक्त की थी और कहा था कि वे आतंकवाद के सभी रूपों और तरीकों पूरी तरह से अस्वीकार करते हैं।
और किंग एक प्रमुख आवाज़ रहे हैं। वास्तव में, उन्हें संतुलित दृष्टिकोण का प्रतीक माना जाता है। वे कट्टरवाद उन्मूलन और आतंकवाद-रोधी कार्यों में सक्रिय रहे हैं और अत्याचार और उग्रवाद के ख़िलाफ़ हैं। वे उग्रवाद के ख़िलाफ़ हैं। वास्तव में, उनके कुछ बहुत ही प्रसिद्ध पहल और कार्यक्रम हैं, जिन्हें उन्होंने स्वयं आरंभ किया है। जैसा कि आप जानते हैं, अकाबा प्रक्रिया एक बहुपक्षीय पहल है। भारत भी इसमें भाग ले रहा है। इसके अलावा, विश्व अंतरधार्मिक सद्भाव सप्ताह धार्मिक समुदाय (वर्ल्ड इंटर-हार्मनी फेथ वीक) भी है, जिसे वास्तव में संयुक्त राष्ट्र ने राजा अब्दुल्ला द्वितीय की पहल पर आरंभ किया गया था।
उनके संदेश, जैसे अम्मान संदेश और विश्व समुदाय के लिए संदेश को भी बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इसलिए, उन्हें संपूर्ण विश्व में सम्मानित किया जाता है और वे अत्याचार और आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपने दृष्टिकोण के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। इस संदर्भ में, हम उनके दृष्टिकोण की सराहना करते हैं और हम उनके साथ आतंकवाद-रोधी उपायों पर चर्चा कर रहे हैं।
दोनों देशों के बीच डिजिटल लेनदेन के बारे में, मुझे लगता है कि हमने एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। देखिए, डिजिटल क्षेत्र में भारत का अनुभव पूरी दुनिया में सराहा जाता है। हमारे पास अत्यंत लोकप्रिय स्कीमें हैं जैसे कि यूपीआई। हमने जेएएम – जन धन, आधार और मोबाइल ट्रिनिटी शुरू किए हैं, जिसका शासन में बहुत प्रभावी उपयोग हुआ है। हमारे पास डीबीटी कार्यक्रम इत्यादि हैं। तो ये वही पहलें हैं जो कई विकासशील देशों, हमारे मित्र देशों और अन्य देशों को आकर्षित करती हैं। तो, हमने कई देशों के साथ डिजिटल क्षेत्र में सहयोग किया है और जॉर्डन भी इसमें गहरी रुचि रखता है। असल में, हमारे पास रुपे कार्ड भी है। मेरे राजदूत ने अभी मुझे यही बात बताई। तो यह भी दोनों देशों के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
परमाणु सहयोग के संबंध में, वास्तव में आजकल परमाणु ऊर्जा को बहुत ही स्वच्छ ऊर्जा माना जाता है और जॉर्डन पक्ष के साथ परमाणु ऊर्जा को एक स्वच्छ ऊर्जा के रूप में उपयोग करने की संभावनाओं पर सामान्य चर्चा हुई। फिलहाल कोई विशिष्ट विवरण तय नहीं हुआ है, लेकिन दोनों पक्षों का यह मानना है कि यह ऊर्जा का एक ऐसा रूप है जो बहुत ही स्वच्छ ऊर्जा हो सकता है, विशेषकर जब हम जलवायु परिवर्तन आदि की बात कर रहे हैं।
जॉर्डन के प्रधानमंत्री के साथ हुई चर्चाओं के संबंध में। वास्तव में, उन्होंने हमारे द्विपक्षीय संबंधों के सामान्य पहलुओं पर चर्चा की। मुख्य रूप से यह चर्चा इस बात पर थी कि लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और कैसे बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा शिक्षा और कई अन्य क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई, जिन पर हम सामान्य रूप से जॉर्डन के साथ बातचीत करते रहे हैं।
गाज़ा के संबंध में, जैसा कि आप जानते हैं। हमारी स्थिति स्पष्ट है। हमने गाज़ा शांति योजना का स्वागत किया है और हमें खुशी है कि इसका पहला चरण लागू हो गया है, और हमें आशा है कि यह क्षेत्र में स्थायी शांति लाएगा। हम शार्म अल-शेख सम्मेलन में भी भाग ले चुके हैं। हमारी दीर्घकालिक स्थिति यह है कि। हम फिलिस्तीन मुद्दे का समर्थन करते हैं और न्यायसंगत और स्थायी शांति के प्रयासों का समर्थन करते हैं। क्षेत्र में ऐसी किसी भी पहल या प्रयास का हम समर्थन करते हैं, जो न्यायसंगत और स्थायी शांति स्थापित करने में योगदान देती हो।
श्री मनीष चौहान, जॉर्डन में राजदूत: जैसा कि आप जानते हैं, महामहिम डॉ. जाफर हसन ने हवाई अड्डे पर सम्माननीय प्रधानमंत्री का बहुत सौहार्दपूर्ण ढंग से स्वागत किया और फिर उन्हें होटल तक साथ ले गए। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके बीच बातचीत भी हुई।
लेकिन जैसा कि हमारी समझ है, महामहिम डॉ. जाफर हसन प्रधानमंत्री और महामहिम राजा के बीच हुई बैठक में भी उपस्थित थे। हमारी समझ के अनुसार, चर्चाएं मुख्य रूप से दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और बढ़ाने पर केंद्रित थीं। हमारे बीच पहले से ही पर्याप्त आर्थिक सहयोग मौजूद है और जैसा कि आपने उल्लेख किया, सचिव ने भी कहा कि सम्माननीय प्रधानमंत्री ने अगले पांच वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ाकर 5 अरब अमेरिकी डॉलर करने का प्रस्ताव रखा।
इस प्रकार, महामहिम प्रधानमंत्री के साथ हुई चर्चाएं मुख्य रूप से द्विपक्षीय सहयोग को और मज़बूत करने पर केंद्रित थीं, चाहे वह आर्थिक क्षेत्र हो, शैक्षणिक सहयोग, विश्वविद्यालय-से-विश्वविद्यालय सहयोग, या फिर संयुक्त उपक्रमों का विषय, जैसा कि सचिव ने उल्लेख किया, इनमें लॉजिस्टिक्स, परिवहन और रेलवे अवसंरचना जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग पर चर्चा हुई।
तो इस आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में विशेष रूप से काफी रुचि है, खास तौर पर दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क, विशेषकर शिक्षा के क्षेत्र में, तथा अनुसंधान और सहयोग, और छात्रों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इस प्रकार, कई प्रस्ताव रखे गए और अनेक महत्त्वपूर्ण एवं सार्थक चर्चाएं हुईं, और हम इन सभी पहलुओं पर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
अज्ञात वक्ता: क्या रक्षा सहयोग भी चर्चा का हिस्सा था? क्योंकि एक आयातक देश होने से आगे बढ़कर भारत अब हथियारों का निर्यातक बन चुका है और हम लगभग 100 देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहे हैं।
अज्ञात वक्ता: तो पहला प्रश्न नई एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग से संबंधित था। क्या वे अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल होना चाहते हैं भारत इस क्षेत्र में अग्रणी रहा है और संभवतः वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन जैसी किसी पहल में भी शामिल है। धन्यवाद।
डॉ. नीना मल्होत्रा, सचिव (दक्षिण): रक्षा सहयोग के संबंध में, हमारे पास पहले से ही जॉर्डन के साथ रक्षा सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन मौजूद है। इसके तहत, हमने कुछ प्रणालियां स्थापित की हैं, उदाहरण के लिए, एक रक्षा परामर्श बैठक जो पहले से लागू है। वे नियमित रूप से मुलाकात कर रहे हैं। अब तक उनकी दो बैठकें हुई हैं।
हमने प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी सहयोग किया है। वास्तव में, हमारे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में जॉर्डन की रक्षा बलों के कर्मी भाग ले रहे हैं। हम सोफेक्स (एसओएफईएक्स) प्रदर्शनी और अभ्यास में भी भाग लेते हैं, और हमें निमंत्रण प्राप्त हुआ है। वास्तव में, जॉर्डन पक्ष ने इस वर्ष सोफेक्स 2026 के लिए निमंत्रण दिया है और हम सकारात्मक रूप से भागीदारी पर विचार कर रहे हैं।
ऊर्जा सहयोग और उनकी भागीदारी के संबंध में, हां आप सही हैं। वास्तव में, जॉर्डन में गहरी रुचि है और उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है, क्योंकि सौर ऊर्जा सहयोग का एक महत्त्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने यह भी इच्छा व्यक्त की है कि वे भारत की दो अन्य वैश्विक पहलों में शामिल हों, जो हैं वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन और आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन। इसलिए, हम इन मंचों के तहत उनके साथ और अधिक सहयोग करने की उम्मीद रखते हैं। धन्यवाद।
श्री रणधीर जायसवाल, आधिकारिक प्रवक्ता: इसी के साथ देवियों और सज्जनों, हम आज की इस प्रेस वार्ता को समाप्त करते हैं। उपस्थित होने के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।
अम्मान
16 दिसम्बर 2025