1. भारत और चिली के बीच 7वां विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) 14 सितंबर 2021 को सैंटियागो में आयोजित किया गया था। भारतीय पक्ष का नेतृत्व सुश्री रीवा गांगुली दास, सचिव (पूर्व) और चिली पक्ष का नेतृत्व चिली की विदेश मंत्रालय की उप मंत्री सुश्री कैरोलिना वाल्डिविया टोरेस ने किया था।
2. विदेश कार्यालय परामर्श के दौरान, दोनों पक्षों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की व्यापक समीक्षा की जिसमें व्यापार एवं निवेश, रक्षा, कृषि, स्वास्थ्य एवं फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा, अंतरिक्ष, अंटार्कटिका में सहयोग, आपदा प्रबंधन, सांस्कृतिक और कांसुलर मुद्दे शामिल थे।
3. दोनों पक्षों ने कोविड-19 स्थिति और महामारी के बाद आर्थिक सुधार में व्यापार और निवेश भागीदारी बढ़ाने की संभावनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
4. दोनों पक्षों ने स्वीकार किया कि व्यापार भारत-चिली संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और तरजीही व्यापार समझौते के आगे विस्तार के लिए चल रही बातचीत पर संतोष व्यक्त किया, जिस पर 2006 में हस्ताक्षर किए गए थे और 2017 में इसका विस्तार किया गया था।
5. दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र में सहयोग सहित साझा हित के क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और बहुपक्षीय क्षेत्र में एक दूसरे के साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई ।
6. वार्ता मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजित हुई, जिसमें दोनों पक्ष स्थापित द्विपक्षीय तंत्र के जरिए आपसी हित के क्षेत्रों में बातचीत की गति को बनाए रखने के लिए सहमत हुए। दोनों पक्ष विदेश कार्यालय परामर्श के अगले दौर को नई दिल्ली में आयोजित करने पर सहमत हुए।
सेंटियागो
सितंबर 14, 2021